featuredछत्तीसगढ़

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मारपीट मामले के तीन फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 06 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बैकुण्ठपुर महावीर चौक निवासी वैभव ठाकुर (23 वर्ष) ने 28 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 27 मार्च को श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान गैलेक्सी मॉल के पास हुए विवाद में उसने बीच-बचाव किया था। देर रात शोभायात्रा समाप्त होने के बाद जब वह दशरथ पान ठेला के पास खड़ा था, तब कुछ युवकों ने उससे विवाद करते हुए मारपीट की।

आरोप है कि शुभम भाठिया, विश्वास बैरागी, राकेश उर्फ गोलु महंत और सुनील दास महंत ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान शुभम भाठिया ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की, जिससे प्रार्थी को नाक, कंधे और हाथ में चोटें आईं।

मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 167/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। अभियान के तहत 4 जून को आरोपी विश्वास बैरागी को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी सतवेंदर सिंह उर्फ शुभम भाठिया (28 वर्ष), राकेश उर्फ गोलु महंत (25 वर्ष) और सुनील दास महंत (27 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी शुभम भाठिया की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्टील का कड़ा भी बरामद कर जब्त किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “रायगढ़ पुलिस कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।”

पुलिस का कहना है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है तथा ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button