featuredछत्तीसगढ़

सक्ती पुलिस की बड़ी सफलता: सेंदुरस डबल मर्डर केस सुलझा, 2024 के मुक्ता दोहरे हत्याकांड का भी खुलासा

सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरस में हुए चर्चित पति-पत्नी दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि यही आरोपी वर्ष 2024 में मुक्ता गांव में हुए एक अन्य दोहरे हत्याकांड के भी जिम्मेदार हैं। पुलिस ने लूटे गए सोने के आभूषण खरीदने वाले सराफा व्यापारी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन तथा ASP पंकज पटेल और SDOP डॉ भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में चली जांच में आरोपी देवकुमार यादव (33 वर्ष) और रूपचरण यादव (40 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम पंडरीपानी, थाना मालखरौदा को गिरफ्तार किया गया। वहीं लूट का सोना खरीदने वाले बाबूलाल साहू (50 वर्ष) निवासी जैजैपुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या, फिर लूट

गौरतलब है कि 2-3 जून 2026 की दरम्यानी रात ग्राम सेंदुरस में अपने घर के बरामदे में सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे की अज्ञात हमलावरों ने लोहे की रॉड से सिर और चेहरे पर हमला कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतका के सोने के आभूषण और घर में रखी नकदी व मोबाइल भी गायब मिले थे।

थाना मालखरौदा में अपराध क्रमांक 211/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की।

CEIR पोर्टल बना अहम कड़ी

जांच के दौरान मृतक का गायब मोबाइल फोन पुलिस ने सर्विलांस पर रखा। मोबाइल की लोकेशन और टावर डंप विश्लेषण के आधार पर पुलिस को खरसिया क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पलगड़ा स्थित एक ढाबे से आरोपी देवकुमार यादव को हिरासत में लिया गया, जिसके पास से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ।

कड़ाई से पूछताछ में देवकुमार ने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

मामूली विवाद बना हत्या की वजह

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल खड़ी करने की बात को लेकर मृतक पुरुषोत्तम खुंटे से उनका विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उन्होंने हत्या की योजना बनाई।

वारदात की रात आरोपियों ने स्केल पट्टी से दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया और सो रहे दंपति पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—

– घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड

– खून से सने कपड़े

– मृतक का मोबाइल फोन

– ₹77 हजार नकद

– वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल

– लगभग 9 ग्राम सोने के आभूषण

– 5 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया है।

सराफा व्यापारी भी गिरफ्तार

पूछताछ में पता चला कि आरोपी रूपचरण यादव ने लूटे गए आभूषण जैजैपुर के सराफा व्यापारी बाबूलाल साहू को ₹84 हजार में बेच दिए थे। पुलिस ने बाबूलाल साहू के कब्जे से आभूषण बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

2024 के मुक्ता डबल मर्डर का भी खुलासा

पूछताछ के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। आरोपियों ने जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए दोहरे हत्याकांड को अंजाम देना भी स्वीकार किया। उस मामले में मगनलाल गबेल और उनकी पत्नी बुधवारा बाई गबेल की हत्या कर घर से आभूषण लूट लिए गए थे।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने पुराने विवाद के चलते उस वारदात को भी अंजाम दिया था।

टीम को मिलेगा नकद पुरस्कार

दो-दो अंधे दोहरे हत्याकांडों का खुलासा करने पर बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक  रामगोपाल गर्ग ने पूरी पुलिस टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

इस कार्रवाई में थाना मालखरौदा, साइबर सेल तथा जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।यह मामला सक्ती जिले में हाल के वर्षों के सबसे बड़े खुलासों में माना जा रहा है, जहां पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीईआईआर पोर्टल की मदद से दो अलग-अलग डबल मर्डर मामलों की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button