
नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन ड्रीमलैंड स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, नाबालिगों के वाहन चलाने पर दी गई सख्त चेतावनी



बिलासपुर, 16 जून 2026। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के साथ ही यातायात पुलिस बिलासपुर ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत करते हुए ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल, सरकंडा में “यातायात की पाठशाला” का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा मानकों और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में एएसपी करियारे ने कहा कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से हमेशा यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा मानकों के प्रति सजग रहने की अपील की।
यातायात के मास्टर ट्रेनर एवं पूर्व सब इंस्पेक्टर उमाशंकर पांडे ने विद्यार्थियों को सड़क संकेतों, सुरक्षित आवागमन, सड़क दुर्घटनाओं के कारण एवं उनके निवारण तथा राहवीर (गुड सेमीरिटन) योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे अपने परिवार और समाज को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, शराब पीकर वाहन न चलाने, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने और स्टंटबाजी से बचने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई।
यातायात पुलिस ने सभी छात्र-छात्राओं को “यातायात ब्रांड एंबेसडर” नियुक्त करते हुए उनसे अपने आसपास होने वाले यातायात नियमों के उल्लंघन की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग करने वालों की सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर स्कूलों में बढ़ रही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि बिना लाइसेंस और अनुभव के वाहन चलाना न केवल खतरनाक है, बल्कि इसके लिए उनके अभिभावकों को भी कानूनी कार्रवाई और न्यायालयीन प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है।
कार्यक्रम में यातायात सड़क सुरक्षा समिति के वरिष्ठ सदस्य अशोक श्रीवास्तव, स्कूल की प्राचार्य निवेदिता सरकार, दिव्या राजपूत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई गई। प्राचार्य निवेदिता सरकार ने यातायात पुलिस बिलासपुर के इस प्रयास को अनुकरणीय बताते हुए आभार व्यक्त किया।
![]() | ![]() | ![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |









































