featuredछत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक, देश ने हर क्षेत्र में किया अभूतपूर्व विकास : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री ने विभिन्न समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों को किया सम्मानित

स्वच्छ भारत, जनधन, आवास, बिजली और बुनियादी सुविधाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में लाया सकारात्मक बदलाव

जशपुरनगर, 20 जून 2026। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान भारत ने बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में 19 जून को आयोजित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के साथ पांच वर्षों तक राज्य मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, जिसके दौरान उन्होंने गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को निकट से देखा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न समाजों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों का सम्मानस्वरूप शाल, श्रीफल और शासन की उपलब्धियों को पुस्तिका प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता के प्रति जनजागरण पैदा किया है। घर-घर शौचालय निर्माण से करोड़ों महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि शौचालय केवल एक बुनियादी सुविधा नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के खातों तक पहुंच रहा है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौभाग्य योजना के माध्यम से देश के दूरस्थ गांवों और करोड़ों घरों तक बिजली पहुंचाई गई है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 10 लाख 60 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास निर्मित हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश के 18 लाख गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था। राज्य में सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासों की स्वीकृति देकर इस वादे को पूरा किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में तेजी से बढ़ते बुनियादी ढांचे का उल्लेख करते हुए कहा कि 49 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य जारी है। धर्मजयगढ़-लोहरदगा रेल लाइन को स्वीकृति मिल चुकी है तथा जशपुर जिले तक रेल संपर्क स्थापित करने की दिशा में भी अंतिम प्रक्रियाएं चल रही हैं। उन्होंने बताया कि रायपुर से धनबाद को जोड़ने वाली भारतमाला परियोजना तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के निर्माण एवं चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने, तीन तलाक कानून लागू करने तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे निर्णायक कदमों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और सोमनाथ मंदिर के विकास कार्य भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान प्रदान कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के 32 देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया जाना भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक है। बस्तर क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास का नया वातावरण निर्मित हुआ है। पिछले दो वर्षों में 700 से अधिक मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं तथा सुदूर गांवों तक सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। उन्होंने बताया कि इंद्रावती नदी से संबंधित देवुर और मटनार सिंचाई परियोजनाओं के लिए 1,600 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे लगभग 80 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। स्थानीय रोजगार सृजन के लिए जैविक खेती, इमली प्रसंस्करण एवं निर्यात तथा होम-स्टे नीति को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सुरक्षा शिविरों को सेवा डेरा के रूप में विकसित कर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई उद्योग नीति के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में होम-स्टे को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत जिले में मेडिकल कॉलेज, 220 बिस्तरों वाला अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, फिजियोथेरेपी महाविद्यालय और क्रिटिकल केयर सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा ऊर्जा पार्क, स्नेक पार्क, पमशाला एनीकट और आधुनिक बस स्टैंड जैसी महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव के नए युग में प्रवेश कर चुका है तथा आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक मजबूती से अपनी पहचान स्थापित करेगा।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button