featuredछत्तीसगढ़

उधारी के पैसे मांगने पर भड़के बदमाश, घर में घुसकर की मारपीट; 5 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 21 जून 2026। पामगढ़ थाना क्षेत्र में दुकान से उधार सिगरेट और राजश्री लेकर पैसे मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि पांच युवकों ने दुकानदार के घर में घुसकर मारपीट कर दी। घटना का वीडियो बनाने से नाराज आरोपियों ने वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, भैंसो निवासी मुकेश लहरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जून 2026 की सुबह करीब 7 बजे चंडीपारा निवासी आकाश जायसवाल उर्फ आगा अपने साथियों के साथ उसकी दुकान पर पहुंचा। आरोपियों ने 5 पैकेट सिगरेट और 10 नग राजश्री लिया, लेकिन पैसे देने से इंकार कर दिया। जब दुकानदार ने उधारी की रकम मांगी तो आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान मुकेश ने घटना का वीडियो बना लिया, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।

करीब दो घंटे बाद आरोपी फिर लौटे और इस बार अपने साथ पाइप और डंडे लेकर आए। आरोप है कि उन्होंने दुकानदार को वीडियो डिलीट करने के लिए कहा और विरोध करने पर उसकी पिटाई शुरू कर दी। जान बचाने के लिए मुकेश घर के अंदर भागा, लेकिन आरोपी उसके पीछे घर में घुस गए और वहां भी मारपीट करते हुए वीडियो डिलीट नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 247/2026 दर्ज कर धारा 333, 296, 351(3), 115(2) एवं 191(3) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश जायसवाल उर्फ आगा (28 वर्ष), विकास यादव उर्फ मुक्कु (21 वर्ष), विशाल मरकाम उर्फ रिंकू सिदार (26 वर्ष), सूरज कश्यप उर्फ गोलू (23 वर्ष) तथा संजय कश्यप (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उपनिरीक्षक सरोज पाटले, प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कंडेय, आरक्षक नवीन रात्रे, श्याम ओग्रे, सैनिक चंद्रशेखर प्रधान सहित थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button