featuredछत्तीसगढ़

अम्बिकापुर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 1.42 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य

अम्बिकापुर, 28 जून 2026। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर में नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में पार्षद ममता तिवारी एवं किरण मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में बताया गया कि अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1,42,685 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 899 पोलियो बूथों पर 1104 टीमों के माध्यम से 2204 वैक्सीनेटर तैनात किए गए हैं। अभियान के प्रथम दिवस बूथों पर तथा दूसरे एवं तीसरे दिवस घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
जिले के सभी विकासखंडों में माइक्रोप्लान के अनुसार पोलियो वैक्सीन का वितरण किया जा चुका है। विद्यालयों में स्थापित पोलियो बूथों के सुचारू संचालन एवं बच्चों को बूथ तक लाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सहयोग लिया जा रहा है। वहीं प्रवासी बस्तियों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों, दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
महापौर मंजूषा भगत ने अपने संबोधन में कहा कि पोलियो की दो बूंद बच्चों को आजीवन अपंगता से बचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं तथा अन्य परिवारों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में पार्षद ममता तिवारी, किरण साहू, अनिल तिवारी एवं अभय साहू ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत एवं अन्य अतिथियों ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. जे.के. रेलवानी, डॉ. राजेश भजगावली, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. के.पी. विश्वकर्मा, संतोष सिंह, सुरेश एक्का, सुपरवाइजर धनंजय प्रताप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी- कर्मचारी एवं स्टाफ नर्स उपस्थित रहे।जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. के.पी. विश्वकर्मा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार पाण्डेय ने किया।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button