featuredछत्तीसगढ़

अब घटनास्थल से सीधे जुटेंगे डिजिटल सबूत, एसपी विजय पाण्डेय ने बांटे 99 हाईटेक मोबाइल

जांजगीर-चांपा। अपराधों की विवेचना को तकनीक आधारित, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जिले के पुलिस विवेचकों को 99 हाईटेक मोबाइल फोन वितरित किए। इस पहल से डिजिटल साक्ष्य संग्रहण, घटनास्थल का दस्तावेजीकरण और जांच प्रक्रिया को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने विवेचकों को संबोधित करते हुए कहा कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विवेचना बेहद जरूरी है। वर्तमान डिजिटल दौर में इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्यों की भूमिका लगातार बढ़ रही है, इसलिए घटनास्थल से फोटो, वीडियो, लोकेशन और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों का तत्काल एवं सुरक्षित संग्रहण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में त्वरित प्रतिक्रिया, वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन और निर्धारित समय-सीमा के भीतर विवेचना पूरी की जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिल सके और अपराधियों के खिलाफ मजबूत केस तैयार हो सके।

पुलिस विभाग के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य विवेचकों को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से लैस करना, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण को आसान बनाना तथा जांच प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है। हाईटेक मोबाइल की मदद से विवेचक घटनास्थल का तत्काल डिजिटल दस्तावेजीकरण कर सकेंगे, साक्ष्यों को सुरक्षित रूप से संकलित कर पाएंगे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रियल टाइम समन्वय स्थापित कर सकेंगे।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तकनीकी पहल से न केवल अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि विवेचना की पारदर्शिता और कार्यकुशलता भी बढ़ेगी। इससे न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्य अधिक मजबूत होंगे और मामलों के त्वरित निराकरण में सहायता मिलेगी।

मोबाइल वितरण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button