featuredछत्तीसगढ़

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करें

जांजगीर-चांपा 7 जुलाई 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, जलजनित रोगों की रोकथाम, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, किशोरी बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण अभियान, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं सेवा सेतु एप के प्रकरणों सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री महोबे ने वर्तमान वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जिले में आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला सेनानी, एसडीआरएफ एवं संबंधित विभागों को संभावित जलभराव तथा अन्य आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने, बचाव दलों को सक्रिय रखने तथा नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी की जाए तथा प्रशिक्षित तैराकों एवं बचाव उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके।
कलेक्टर ने जलजनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग एवं स्वास्थय विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल स्रोतों की नियमित जांच, क्लोरीनेशन, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान संचालित करने को कहा। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत संबंधी शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल तकनीकी दल मौके पर पहुंचे और निर्धारित समय में समस्या का समाधान करें। फॉल्ट निराकरण के रिस्पॉन्स टाइम को कम करने कहा। उन्होंने कुछ स्थानों पर शिकायतों के समय पर निराकरण नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने वि‌द्युत विभाग के अधिकारियों को कंट्रोल रूम एवं संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर नागरिकों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता मिल सके।
बैठक में जिले में खाद एवं बीज के भंडारण तथा वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में खाद का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है तथा नियमित आपूर्ति जारी है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा अभियान चलाकर सभी पात्र कृषकों तक समय पर खाद एवं बीज का वितरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित न हो।
कलेक्टर ने हयूमन पैपिलोमावायरस वैक्सीन के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए संचालित टीकाकरण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी किशोरी बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थय विभाग को शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पंचायत विभाग से समन्वय के साथ अभियान संचालित करने तथा निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन स्वयं शिकायतों की समीक्षा करें तथा प्रत्येक प्रकरण का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत चिन्हित हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना तथा घरेलु बायोगैस योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही पीएम आवास योजना, समय सीमा के लंबित प्रकरण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर आर के तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button