featuredछत्तीसगढ़

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने समय सीमा की बैठक में की विभागीय कार्यों समीक्षा

खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता और किसानों को केसीसी अल्पकालीन ऋण समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश

जांजगीर-चांपा 14 जुलाई 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने खरीफ सीजन के मद्देनजर किसानों को सिंचाई, खाद-बीज एवं अल्पकालीन कृषि ऋण की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने, शेष एग्रीस्टैक पंजीयन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं वृहद वृक्षारोपण अभियान की प्रभावी तैयारी, ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य संचालन तथा जेम पोर्टल सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
      बैठक में कलेक्टर ने खरीफ फसल को देखते हुए किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को नहरों एवं अन्य सिंचाई स्रोतों की सतत निगरानी करते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने कृषि विभाग, सीसीबी नोडल एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सहकारी समितियों एवं विक्रय केंद्रों में आवश्यकतानुसार खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण रहे तथा पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के अंतर्गत अल्पकालीन कृषि ऋण समय पर उपलब्ध कराया जाए।
      कलेक्टर ने शेष एग्रीस्टैक पंजीयन, खाद वितरण एवं अल्पकालीन कृषि ऋण वितरण में तेजी लाने कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें खरीफ सीजन के लिए आवश्यक सुविधाएं समय पर प्राप्त हो सकें।
      बैठक में जिले में वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों का चयन, जनभागीदारी तथा पौधों के संरक्षण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधरोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण, स्थायी समाधान के आधार पर किया जाए तथा अनावश्यक लंबित प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
      शासन ने कार्यालयीन कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सभी विभागों एवं कार्यालयों की प्रत्येक शाखा में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्य करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि फाइलों का संचालन, पत्राचार एवं अन्य कार्यालयीन कार्य अधिकतम ई-ऑफिस के माध्यम से किए जाएं, जिससे कार्यों में गति, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
कलेक्टर ने जेम पोर्टल के माध्यम से की जाने वाली शासकीय खरीदी की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करते हुए आवश्यक सामग्री एवं सेवाओं की खरीदी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि खरीदी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, गुणवत्ता, प्रतिस्पर्धात्मक दरों तथा समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। इस दौरान जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर आर के तम्बोली, अपर कलेक्टर  स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button