featuredछत्तीसगढ़

जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा: परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने जिलेभर में चलाया जा रहा विशेष अभियान

सास-बहू सम्मेलन सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का होगा आयोजन

जशपुरनगर, 14 जुलाई 2026/ जिले में परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को मजबूत करने के उद्देश्य से 11 से 18 जुलाई 2026 तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। कलेक्टर  रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आमजन को परिवार नियोजन के महत्व से अवगत कराएं तथा इस संबंध में समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के तहत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ परिवार और जनसंख्या स्थिरीकरण का संदेश देगा तथा लोगों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी प्रदान करेगा।

जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि “जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” थीम पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य दंपतियों को गर्भधारण के उचित समय, दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का सुरक्षित अंतराल रखने तथा परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों के प्रति जागरूक करना है। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में गुणात्मक सुधार लाने के साथ-साथ परिवार के समग्र स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ बनाया जा सकता है। अभियान के दौरान जिले के सभी विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सास-बहू सम्मेलन एवं अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियों का निराकरण किया जाएगा तथा योग्य दंपतियों को उपलब्ध सेवाओं और उनके लाभों की जानकारी दी जाएगी।स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। इनमें कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, गर्भनिरोधक गोलियां (छाया एवं माला-एन) तथा निरोध शामिल हैं। इच्छुक दंपतियों को प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा परामर्श एवं आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पुरुष नसबंदी पर 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि

सरकार द्वारा परिवार नियोजन अपनाने वाले हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरुष नसबंदी कराने पर 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े के दौरान 11 से 18 जुलाई तक जिला चिकित्सालय जशपुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में प्रतिदिन पुरुष नसबंदी ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी योग्य दंपतियों से अपील की है कि वे परिवार नियोजन अपनाकर स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल परिवार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button