featuredकोरबाछत्तीसगढ़

सरस्वती साइकिल योजना: कोरबा की 86 छात्राओं को मिली साइकिल, महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा— शिक्षा की राह होगी आसान

कोरबा, 14 जुलाई। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत मंगलवार को कोरबा जिले की 86 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर कोरबा नगर पालिक निगम की महापौर संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को साइकिल की चाबी सौंपते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और उन्हें लगन से पढ़ाई कर जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के तहत एनटीपीसी जमनीपाली स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 59 तथा बालगीखार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 27 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, समय की बचत होगी और उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सकेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है और यह योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने छात्राओं से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।इस दौरान पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अध्यक्ष सुनील भटपहरे तथा प्रिंसिपल अभिमन्यु साहू ने भी उपस्थित छात्र -छात्राओं को संबोधित किया।

कार्यक्रम में एल्डरमैन ईश्वर साहू, दीपक यादव, मनोज अग्रवाल, दर्री मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, क्षेत्रीय पार्षदगण सहित स्नेहा शर्मा, शिक्षक तारकेश्वरी मिश्रा,अजय प्रताप, भगवती देवांगन, मुकेश केवट, संजय राठौर, कमला राठौर, राजू केवट,अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय तक सुगम आवागमन उपलब्ध कराकर बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा ड्रॉपआउट की संख्या में कमी लाना है। इस योजना से छात्राओं में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ने के साथ ही उनके आत्मविश्वास को भी नई मजबूती मिल रही है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button