featuredछत्तीसगढ़

हाईवे पर राहगीरों से लूट करने वाले 2 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, मोबाइल, नकदी और हथियार बरामद

जांजगीर-चांपा, 18 जुलाई। जिले की सारागांव पुलिस ने हाईवे पर राहगीरों से लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अशोक लाठिया अपने साथी के साथ 16 जुलाई को बढ़ई का काम करने सारागांव आया था। शाम को काम खत्म होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में एनएच-49 स्थित अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही आगे बढ़े, बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया।

आरोपियों ने चाकू जैसे धारदार हथियार से हमला कर दोनों को घायल कर दिया और उनके पास रखे दो मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई। घटना की रिपोर्ट पर थाना सारागांव में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय  के निर्देशन एवं थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महेन्द्र कुमार धारिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी सूर्यकांत बरेठ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 हजार रुपये नकद बरामद किए। वहीं, मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, चाकू और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

सारागांव पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जिले में सराहना की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button