featuredकोरबाछत्तीसगढ़

अग्रवाल सभा दर्री- जमनीपाली की नई कार्यकारिणी घोषित, सुरेश कुमार अग्रवाल बने अध्यक्ष

कोरबा (दर्री-जमनीपाली)। अग्रवाल समाज के संगठनात्मक सशक्तीकरण और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से मंगलवार को अग्रवाल सभा दर्री-जमनीपाली की महत्वपूर्ण बैठक साडा कॉलोनी स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष प्रेमकुमार अग्रवाल ने की। बैठक में वर्ष 2026 से 2029 के कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।

बैठक में अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी सुरेश कुमार अग्रवाल के नाम का प्रस्ताव निवर्तमान अध्यक्ष प्रेमकुमार अग्रवाल ने रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। अध्यक्ष चुने जाने पर सभा में हर्ष का माहौल रहा और सभी सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

नई कार्यकारिणी में बैजनाथ अग्रवाल (भवानी), राजेंद्र अग्रवाल (राजा), मनीष अग्रवाल (दर्री) एवं प्रेमकुमार अग्रवाल (सुमेधा) को उपाध्यक्ष बनाया गया। मनोज कुमार अग्रवाल (एल्डरमेन) को पुनः सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि आशीष अग्रवाल (बंटी, स्याहीमुड़ी) सहसचिव बनाए गए। सुरेश अग्रवाल (बालाजी) को लगातार एक बार फिर कोषाध्यक्ष चुना गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2007 में सभा के गठन के बाद से अब तक वे लगातार इस महत्वपूर्ण दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते आ रहे हैं।

सभा ने इस बार पहली बार सह-कोषाध्यक्ष का पद सृजित किया, जिस पर अशोक स्टील के संचालक अशोक कुमार अग्रवाल की नियुक्ति की गई। इसके अलावा आशीष अग्रवाल (पूर्व एल्डरमेन) को मंत्री तथा प्रतीक अग्रवाल एवं विकास अग्रवाल (श्यामा मेडिकोज) को प्रचार-प्रसार सचिव बनाया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विनोद सिंघानिया और राजू भाई गोयल का चयन किया गया।

सभा ने विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी सदस्यों को भी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे हैं। मुकेश अग्रवाल को आयकर सलाहकार, दिलीप अग्रवाल (अधिवक्ता) को विधिक सलाहकार तथा शुभम अग्रवाल (सिविल इंजीनियर) को निर्माण सलाहकार नियुक्त किया गया।

संरक्षक मंडल में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, प्रेमकुमार अग्रवाल, अशोक अग्रवाल (प्रगति) एवं महेश अग्रवाल (बुंदेलखंड) को शामिल किया गया। वहीं समाज के वरिष्ठजनों, प्रतिष्ठित व्यवसायियों एवं अग्रवाल सभा के समस्त आजीवन सदस्यों को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।

समाजहित सर्वोपरि रहेगा : सुरेश कुमार अग्रवाल

नव मनोनीत अध्यक्ष सुरेश कुमार अग्रवाल ने समाज के सभी अग्रबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का वे हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से सहयोग, सुझाव और सक्रिय सहभागिता की अपील भी की।

नई कार्यकारिणी के गठन पर अग्रवाल समाज के सदस्यों ने इसे संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले तीन वर्षों में सभा सामाजिक एकजुटता, युवा सहभागिता और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगी।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button