featuredछत्तीसगढ़

कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने की नगरीय प्रशासन विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा

नागरिक सुविधाओं में बेहतर बनाने करें सार्थक प्रयास-कमिश्नर डोमन सिंह

स्वच्छता सहित पौधरोपण, डिजिटल शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों पर दिया विशेष जोर

जगदलपुर, 23 जुलाई 2026/ कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह ने नगरीय प्रशासन विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी एवं सार्थक प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में आम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में कमिश्नर श्री सिंह ने सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरों एवं नगर पंचायतों में नियमित सफाई, कचरा संग्रहण एवं समुचित निपटान की व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित की जाए, जिससे स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो सके।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन हितग्राहियों ने अब तक अपने आवास का निर्माण प्रारंभ नहीं किया है, उनकी काउंसलिंग कर उन्हें स्वयं का पक्का आवास बनाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने योजना के सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कमिश्नर श्री सिंह ने प्रत्येक नगरीय निकाय में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने तथा नागरिकों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर तक कम से कम दो पौधे निःशुल्क वितरित किए जाएं और उनके संरक्षण के प्रति भी जनजागरूकता बढ़ाई जाए।

शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार पर बल देते हुए कमिश्नर ने नगरीय निकायों के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में डिजिटल माध्यम से अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था विकसित करने की पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधन विकसित किए जाएं।

बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर डोमन सिंह ने सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास एवं अधोसंरचना संबंधी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में मुख्य सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने के लिए ध्यान केंद्रित करने पर बल देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कार्य है और इसे पूरी जवाबदेही के साथ सुनिश्चित किया जाए। आवारा मवेशियों को रखने के लिए सभी नगरीय निकायों में कांजी हाउस आवश्यक तौर पर बनाए जाएं।

कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि सभी नगरीय निकाय जनहित की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ही नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि शहरी क्षेत्रों में सुगम नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।बैठक में सयुंक्त संचालक नगरीय प्रशासन विभाग  जयंत सिन्हा, नगर निगम आयुक्त जगदलपुर  प्रवीण वर्मा सहित बस्तर संभाग के अंतर्गत सभी नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौजूद रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button