featuredछत्तीसगढ़

सिकलसेल एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने बकावंड में लगा स्वास्थ्य शिविर

कलेक्टर आकाश छिकारा ने ग्रामीणों से की चर्चा, मरीजों को किट एवं उपचार पंजी किए वितरित

जगदलपुर,23 जुलाई 2026/ सिकलसेल एनीमिया के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और रोग की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड बकावंड में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी प्राप्त की। शिविर का निरीक्षण कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने किया तथा शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से संवाद की।

कलेक्टर श्री छिकारा ने शिविर स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने मेडिकल बोर्ड द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण, खून की जांच, सिकलसेल एनीमिया की स्क्रीनिंग, दवा वितरण तथा अन्य विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर कलेक्टर और जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने सिकलसेल एनीमिया से प्रभावित मरीजों को सिकलसेल किट एवं उपचार पंजी वितरित की। उन्होंने कहा कि सिकलसेल एनीमिया की समय पर जांच, नियमित उपचार और सतत निगरानी से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों की जांच अवश्य कराएं तथा किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क एचपीवी (HPV) टीकाकरण की जानकारी दी। साथ ही आयुष्मान कार्ड, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निगरानी एवं सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए जिले में संचालित विशेष कॉल सेंटर एवं ट्रैकिंग व्यवस्था की भी जानकारी दी। इस दौरान श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत श्रमिकों को प्रसूति सहायता योजना, छात्रवृत्ति तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लाभों से अवगत कराया गया। शिविर में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए मेडिकल बोर्ड की व्यवस्था की गई, जहां दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए, जिससे पात्र हितग्राही पेंशन एवं अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को सिकलसेल एनीमिया के लक्षण, बचाव, उपचार और नियमित जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही रोगियों को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया तथा नियमित फॉलोअप के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकल सेल एनीमिया की जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, श्रम विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में स्वीकृत आवासों की प्रगति, आवास प्लस सर्वे तथा पीएम सूर्य घर योजना की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने नागरिकों से शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और स्वास्थ्य संबंधी जांच समय पर कराने की अपील की। इस अवसर पर तहसीलदार, जनपद सीईओ, स्वास्थ्य विभाग के डॉ ठाकुर, डॉ मैत्री, डीपीएम रीना लक्ष्मी सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे ।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button