featuredछत्तीसगढ़

ऑपरेशन क्लीन हंट का बड़ा एक्शन: महीनों से फरार गांजा तस्कर चन्द्रमणी यादव गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल i20 कार जब्त

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से फरार चल रहे गांजा तस्कर चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव को पूंजीपथरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई i20 कार (CG13BH5917) भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को ग्राम तुमीडीह महुआ चौक, पठान कॉलोनी के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान 2.728 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत ₹24,500 बताई गई, तथा ₹5,000 नकद बरामद किए गए थे। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि चन्द्रमणी यादव पुलिस को चकमा देकर कार सहित फरार हो गया था।

विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि फरार चन्द्रमणी यादव ही गांजा बिक्री के उद्देश्य से उनके साथ आया था। इसके बाद पूंजीपथरा पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए तथा लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय रखा। आखिरकार सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद तस्करी में प्रयुक्त i20 कार भी जब्त कर ली गई।

इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने किया। अभियान में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा तथा पूंजीपथरा थाना स्टाफ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन क्लीन हंट केवल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का अभियान नहीं, बल्कि अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि कानून से बचकर कोई नहीं निकल सकता। नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button