featuredकोरबाछत्तीसगढ़

दर्री जोन में आयुक्त का मैराथन निरीक्षण: घटिया निर्माण पर सख्त कार्रवाई, मानक से कम काम तोड़कर दोबारा बनाने के निर्देश

कोरबा, 30 जुलाई 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने गुरुवार को दर्री जोन के विभिन्न वार्डों और बस्तियों का औचक निरीक्षण कर निर्माणाधीन विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क, नाली, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सभी कार्य समय सीमा और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने अयोध्यापुरी बस्ती में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन, तालाब गहरीकरण, प्रस्तावित नाली निर्माण तथा बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने जल निकासी में बाधा बनने वाले अवरोधों को तत्काल हटाने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा दर्री मेन रोड पर निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल और तुलसीनगर प्राथमिक शाला भवन का भी निरीक्षण किया।

मानक से कम निर्माण पर सख्ती, तोड़कर दोबारा बनाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अयोध्यापुरी में निर्माणाधीन स्कूल भवन का ऊपरी हिस्सा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को संबंधित हिस्से को तोड़कर पुनः गुणवत्ता के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

स्कूल और आंगनबाड़ी में बनेगी बाउंड्रीवाल

गोपालपुर बस्ती में निर्माणाधीन स्कूल और आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने दोनों परिसरों की सुरक्षा और व्यवस्थित संचालन के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

दिन में जलती मिली स्ट्रीट लाइट, जताई नाराजगी

भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर दिन में भी स्ट्रीट लाइट जलती मिली। इस पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल लाइट बंद कराने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शाम को समय पर लाइटें जलें तथा सुबह निर्धारित समय पर बंद हों, जिससे बिजली की अनावश्यक बर्बादी रोकी जा सके।

दुकानों के बाहर कचरा मिलने पर लगाया जुर्माना

अयोध्यापुरी क्षेत्र में कुछ दुकानों के सामने कचरा डंप पाया गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए आयुक्त ने संबंधित दुकानदारों पर अर्थदंड लगाने और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।

स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर

आयुक्त ने बस्तियों में सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नालियों की नियमित सफाई, कचरे के तत्काल उठाव, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को और प्रभावी बनाने तथा लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने के लिए लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेयर-इन-काउंसिल सदस्य सरोज शांडिल्य, एल्डरमैन मनोज अग्रवाल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर लीलाधर पटेल, सहायक अभियंता यशवंत जोगी, प्रमोद जगत सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button