featuredकॉर्पोरेटछत्तीसगढ़

सांकरा उपकेंद्र की बढ़ी बिजली क्षमता, 200 गांवों को मिलेगी बेहतर आपूर्ति

40 एमवीए के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर का सफल ऊर्जीकरण, ओवरलोड और लो वोल्टेज की समस्या से मिलेगी राहत

रायपुर, 04 अगस्त 2026। महासमुंद जिले के सांकरा क्षेत्र के करीब 200 गांवों में अब बिजली आपूर्ति और बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण होगी। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने 132/33 केवी उपकेंद्र सांकरा में 40 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर का सफल ऊर्जीकरण किया है। इसके साथ ही उपकेंद्र की कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 143 एमवीए हो गई है।

सोमवार को प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला की उपस्थिति में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया गया। इस दौरान उपकेंद्र की रिक्त भूमि पर पौधारोपण भी किया गया। खास बात यह है कि करीब 4 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली यह परियोजना महज एक माह 15 दिन में पूरी की गई।

ओवरलोड और लो वोल्टेज से मिलेगी राहत

उपकेंद्र में पहले से 40 एमवीए और 63 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर स्थापित थे। पिछले वर्ष पीक लोड सीजन में यहां करीब 96 एमवीए तक लोड दर्ज किया गया था। इसके चलते क्षेत्र में ओवरलोड और लो वोल्टेज की समस्या सामने आ रही थी।

नए 40 एमवीए ट्रांसफार्मर के संचालन से अब उपकेंद्र की क्षमता में पर्याप्त वृद्धि हुई है। इससे लगभग 200 गांवों के उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ अधिक विश्वसनीय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। कृषि, कृषि आधारित उद्योगों तथा अन्य औद्योगिक गतिविधियों के लिए भी यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

9 फीडरों से होती है बिजली की आपूर्ति

सांकरा उपकेंद्र को 132 केवी सरायपाली और 132 केवी झलप पारेषण लाइनों से बिजली प्राप्त होती है। यहां से 33 केवी के 9 फीडरों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की जाती है।

प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश के पारेषण नेटवर्क को योजनाबद्ध तरीके से मजबूत किया जा रहा है। ग्रामीण, आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सांकरा उपकेंद्र की क्षमता बढ़ने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों-कर्मचारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम में मुख्य अभियंता अब्राहम वर्गीश, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. तिवारी, अधीक्षण अभियंता विक्रम मंधान, कार्यपालन अभियंता प्रशांत साहू, विंध्याचल गुप्ता, प्रदीप साहू, गौरव रघुवंशी, सहायक अभियंता राजेंद्र चौहान, लता जगत, नारायण प्रसाद लोधी, अंकुर और दीपक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button