featuredछत्तीसगढ़

नाबालिगों को वाहन देना पड़ा भारी: एक दिन में 21 बाल चालक पकड़े, 25 हजार का समन शुल्क वसूला

स्कूलों और चौक-चौराहों पर जांजगीर- चांपा पुलिस की सख्ती, अभिभावकों को दी कड़ी समझाइश

जांजगीर-चांपा। सड़क सुरक्षा को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिले के विभिन्न स्कूलों, प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाकर एक ही दिन में 21 नाबालिगों को वाहन चलाते पकड़ा। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 25 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के उद्देश्य से की गई।

अकलतरा में 7, बलौदा में 10 और यातायात पुलिस ने पकड़े 4 नाबालिग

विशेष अभियान के दौरान जांजगीर, बलौदा और अकलतरा क्षेत्र में स्कूलों के आसपास तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच की गई। इस दौरान अकलतरा पुलिस ने 7, बलौदा पुलिस ने 10 और यातायात पुलिस ने 4 नाबालिग वाहन चालकों को वाहन चलाते हुए पकड़ा।

पुलिस ने सभी के विरुद्ध नियमानुसार मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए समन शुल्क वसूला। साथ ही नाबालिगों के परिजनों को बुलाकर सख्त समझाइश दी गई कि वे अपने बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया अथवा चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें।

‘नाबालिगों का वाहन चलाना गंभीर खतरा’

एएसपी यातायात उदयन बेहार ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना केवल कानून का उल्लंघन ही नहीं है, बल्कि यह उनके स्वयं के जीवन के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस की अभिभावकों से अपील

पुलिस ने अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि वे

नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने के लिए न दें।

दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।

निर्धारित गति सीमा का पालन करें।

बच्चों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

पुलिस ने साफ किया है कि नाबालिगों को वाहन चलाने देने वाले अभिभावकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

इस कार्रवाई में यातायात पुलिस, थाना प्रभारी अकलतरा जयकुमार साहू एवं थाना प्रभारी बलौदा मनोहर सिन्हा सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button