featuredछत्तीसगढ़

पेट्रोल पंप पर फर्जी ऑनलाइन पेमेंट दिखाकर ₹6,100 की ठगी, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

रायगढ़। जूटमिल पुलिस ने पेट्रोल पंप पर QR कोड से भुगतान करने का झांसा देकर फर्जी ऑनलाइन पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दो अलग-अलग मौकों पर पेट्रोल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए कार से फरार होकर पेट्रोल पंप को कुल ₹6,100 की चपत लगाई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी बलेनो कार भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, दर्रामुड़ा स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के संचालक अमित कुमार गुप्ता ने 31 जुलाई 2026 को जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, एक युवक बलेनो कार से दो बार पेट्रोल पंप पहुंचा। 7 जून की रात ₹2,500 और 25 जुलाई की रात ₹3,600 का पेट्रोल भरवाने के बाद आरोपी ने QR कोड से भुगतान करने की बात कही और मोबाइल पर फर्जी भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर कर्मचारियों को भ्रमित कर दिया। इसके बाद वह कार लेकर मौके से फरार हो गया।

मामले में जूटमिल पुलिस ने अपराध क्रमांक 429/2026 के तहत धारा 318(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पेट्रोल पंप के अलावा घटनास्थल और आरोपी के आने-जाने वाले मार्ग पर लगे CCTV कैमरों तथा झलमला टोल प्लाजा के फुटेज खंगाले।

नंबर प्लेट ढककर करता था वारदात

जांच में पुलिस को बलेनो कार की कुछ खास पहचान मिली। कार की आगे-पीछे की नंबर प्लेट काली पट्टी से ढकी थी। इसके अलावा बाईं ओर काले रंग का मिरर कवर, दाईं ओर सफेद-काले रंग का मिरर कवर और डिक्की के पास क्षतिग्रस्त प्लास्टिक की मरम्मत का निशान था। इन विशिष्ट पहचान के आधार पर पुलिस ने CG-13-AQ-2394 कार को चिन्हित किया।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों से वाहन की शिनाख्त कराने पर इसकी पुष्टि हो गई। इसके बाद पुलिस ने चालक और वाहन स्वामी से पूछताछ की। पूछताछ में मयंक शर्मा (19), निवासी वार्ड क्रमांक-02, बावलीकुआं, श्रमिक स्कूल के पीछे, थाना कोतवाली रायगढ़ ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने सफेद रंग की बलेनो कार और उसके दस्तावेज जब्त किए। विवेचना में धोखाधड़ी का अपराध पाए जाने पर प्रकरण में धारा 318(4) बीएनएस भी जोड़ी गई।

आरोपी को 6 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की तकनीकी जांच, CCTV फुटेज के विश्लेषण और सूक्ष्म विवेचना से मामले का खुलासा हुआ।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि धोखाधड़ी और छलपूर्वक संपत्ति हड़पने वाले अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और CCTV विश्लेषण के जरिए ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button