featuredकोरबाछत्तीसगढ़

नर्सिंग कॉलेज के 120 विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव का पाठ

OTP से लेकर डिजिटल अरेस्ट तक, साइबर अपराध के तरीकों से कराया अवगत

कोरबा, 12 अगस्त 2026। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मानिकपुर स्थित ओरिएंटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में मंगलवार को  साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर करीब 120 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर आर.के. गर्ग, प्राचार्या रचना सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार चंद्रा एवं साइबर टीम के वीरकेश्वर प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बदलते स्वरूप और ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से अवगत कराया।

OTP से डिजिटल अरेस्ट तक समझाया ठगी का पूरा खेल

पुलिस अधिकारियों ने OTP फ्रॉड, फर्जी लिंक, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, फर्जी निवेश एवं लोन ऑफर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में उदाहरण सहित जानकारी दी।

छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड अथवा निजी जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचें तथा सोशल मीडिया अकाउंट की गोपनीयता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

ठगी होते ही देर न करें, 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने और आगे की कार्रवाई में मदद मिल सकती है। राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति सजग करना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना तथा साइबर ठगी की घटनाओं की रोकथाम में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज प्रबंधन एवं छात्र-छात्राओं ने महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा जानकारी साझा करने के लिए कोरबा पुलिस का आभार व्यक्त किया।

कोरबा पुलिस की अपील:
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें और अपने आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button