featuredछत्तीसगढ़

सूने मकान में चोरी की कोशिश नाकाम, पुलिस की घेराबंदी में एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। चक्रधरनगर पुलिस की मुस्तैद रात्रि गश्त के चलते सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी और डंडा जब्त किया है। मामले में आरोपी के एक साथी की तलाश जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा रात में पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान 12-13 अगस्त की दरम्यानी रात चक्रधरनगर पुलिस की गश्ती टीम टीवी टावर छोटे अतरमुड़ा क्षेत्र में पहुंची। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि एक सूने मकान में कुछ संदिग्ध लोग घुसे हुए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मकान की घेराबंदी की। मकान अंदर से बंद था और भीतर से आवाजें आ रही थीं। पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरू किए जाने पर आरोपियों ने दीवार फांदकर भागने का प्रयास किया। बाहर स्कूटी लेकर मौजूद आरोपी भी फरार होने लगे।

पुलिस की घेराबंदी के दौरान मेडिकल कॉलेज रोड की ओर भाग रहा स्कूटी सवार आरोपी गिर गया, जिसे पुलिस टीम ने पकड़ लिया। उसकी पहचान आकाश जायसवाल (31), निवासी केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड, शिवा नगर, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मार्शल यादव के साथ सूने मकान में चोरी की नीयत से घुसना स्वीकार किया। आरोपी के मुताबिक दोनों दीवार फांदकर मकान में दाखिल हुए और डंडे से दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा CG 13 AV 6236 और डंडा जब्त कर लिया।

मकान मालिक परिवार सहित रायपुर गया हुआ था। सीसीटीवी से जुड़े मोबाइल एप के जरिए मकान में चोर घुसने की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पुलिस की गश्ती टीम भी वहां पहुंच गई, जिससे चोरी की वारदात होने से पहले ही आरोपियों की घेराबंदी कर दी गई।

चक्रधरनगर थाने में अपराध क्रमांक 401/2026, धारा 331(4), 305(ए), 62, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी आकाश जायसवाल को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी मार्शल यादव की तलाश जारी है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक महेन्द्र कर्ष, संजय तिवारी, संतोष कुर्रे तथा आरक्षक सुशील मिंज, मिनकेतन पटेल एवं उदय मांझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की सतत नजर है। नागरिकों की सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराध को घटना से पहले रोकना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button