featuredछत्तीसगढ़

ग्राम पाली में महिला कमांडो टीम का गठन, साइबर अपराध के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक

जांजगीर-चांपा, 16 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे एवं चौकी नैला प्रभारी रंजीत सिंह कंवर की पहल पर ग्राम पाली में सक्रिय महिलाओं की महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।

महिला कमांडो टीम के गठन के साथ ही गांव में साइबर जागृति अभियान एवं महिला-बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराध तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों की सरल भाषा में जानकारी दी गई।

SP ने वीडियो कॉल से महिला कमांडो से किया सीधा संवाद

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने वीडियो कॉल के माध्यम से ग्राम पाली की महिला कमांडो टीम एवं ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने महिला कमांडो का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे गांव में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

SP ने महिलाओं से अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी परेशानी या आपराधिक घटना की जानकारी बिना संकोच पुलिस को देने की अपील की।

सुरक्षा व्यवस्था में मजबूत कड़ी बनेगी महिला कमांडो टीम

ग्राम पाली में गठित महिला कमांडो टीम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाना तथा पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। महिला कमांडो गांव में जागरूकता फैलाने के साथ जरूरत पड़ने पर पुलिस तक सूचना पहुंचाने में सहयोग करेंगी।

साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। नाबालिग बच्चों को अपराध एवं गलत गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी गई।

घटना-दुर्घटना की तत्काल पुलिस को दें सूचना

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, दुर्घटना, महिला या बालक संबंधी समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस थाना या चौकी को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि समय पर सूचना मिलने से संभावित अपराध एवं दुर्घटनाओं को रोकने के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।

जांजगीर-चांपा पुलिस की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और पुलिस-जन सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button