featuredछत्तीसगढ़

गेरवानी शराब दुकान में गार्ड पर फायरिंग का खुलासा, बिहार के खेत से आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 22 अगस्त 2026। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाकर फरार हुए आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है। आरोपी घटना के बाद बिहार भागकर खेत में छिपा हुआ था, जिसे पुलिस टीम ने करीब दो घंटे की सघन तलाश के बाद दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार 17 अगस्त की रात गेरवानी शराब दुकान में ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल (43) ड्यूटी पर तैनात थे। करीब रात 10:30 बजे विवेक कुमार यादव अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ वहां पहुंचा। देर रात शराब दुकान आने को लेकर गार्ड ने दोनों को डांट-फटकार लगाई, जिसके बाद विवाद हो गया। आरोप है कि विवेक ने गार्ड को जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्टलनुमा हथियार से फायर कर दिया। गोली गार्ड के पेट में लगी।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा स्थानीय स्तर पर संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विवेक कुमार यादव (19), निवासी जीतझिंगोई, थाना खैरा, जिला जमुई, बिहार, गेरवानी स्थित अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करता था और वारदात के बाद से फरार है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार के जमुई पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से ग्राम खैरा में आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस की भनक लगते ही विवेक घर से निकलकर खेत की ओर भाग गया और वहां छिप गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे खेत से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्लांट के फोरमैन को डराने-धमकाने के उद्देश्य से अपने गांव गया था, जहां उसने कथित तौर पर 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी थी। बाद में शराब दुकान पर गार्ड द्वारा डांटने से नाराज होकर उसने उसी पिस्टल से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आरोपी विवेक कुमार यादव पिता रामेश्वर यादव, उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की गई है। मामले में फरार आरोपी रोशन ठाकुर की तलाश जारी है।

गार्ड की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा थाने में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा, आरक्षक हेम सागर पटेल, विक्रम कुजूर, ओम प्रकाश तिवारी एवं विनोद शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम को आरोपी की पहचान कर दूसरे राज्य से गिरफ्तार करने और वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि अपराध कर दूसरे राज्य में छिपने वाले आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। अपराधी कहीं भी जाकर छिपे, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस समन्वय के आधार पर उसे कानून के दायरे में लाया जाएगा।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button