featuredछत्तीसगढ़

बंधन बैंक की ₹1.42 लाख लोन राशि हड़पने का मामला: फरार आरोपी कमलेश सिंह गिरफ्तार

सक्ती। बंधन बैंक के लोन खाते में जमा की जाने वाली ₹1,42,550 की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कर धोखाधड़ी एवं गबन करने के मामले में सक्ती पुलिस ने फरार आरोपी कमलेश सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर राशि को आपस में बांटकर उपयोग करना स्वीकार किया है।

मामले में झुलकदम, सक्ती निवासी मोनीष देवांगन ने थाना सक्ती में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार बंधन बैंक सक्ती में लोन की ₹1,42,550 की राशि जमा किए जाने के बावजूद उसे संबंधित बैंक खाते में जमा नहीं किया गया। इतना ही नहीं, खाता धारक को मृत दर्शाकर बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से राशि प्राप्त कर खाता बंद करने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई।

शिकायत के आधार पर थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 221/2024, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जावलपुर, थाना बलौदा निवासी कमलेश सिंह पिता श्रीराम सिंह, उम्र 31 वर्ष के विरुद्ध प्रथम दृष्टया अपराध प्रमाणित पाया गया।

मुखबिर की सूचना पर घर से दबोचा

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से आरोपी फरार था और विवेचना में सहयोग नहीं कर रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने उसके सकुनत जावलपुर में दबिश देकर उसे अभिरक्षा में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने मेमोरण्डम कथन में बताया कि बंधन बैंक सक्ती में कार्यरत रहने के दौरान पुरुषोत्तम देवांगन एवं उर्मिला देवांगन के संयुक्त खाते में जमा होने वाली ₹1,42,550 की लोन राशि खाते में जमा नहीं की गई। आरोपी ने अपने अन्य साथी के साथ मिलकर उक्त राशि को आपस में बांटकर उपयोग करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार राशि जमा किए जाने संबंधी रसीद खाता धारक को दिए जाने की बात भी सामने आई है।

विवेचना में यह भी सामने आया कि खाता धारक उर्मिला देवांगन को मृत दर्शाने संबंधी दस्तावेज का उपयोग कर राशि को बैंक खाते में जमा नहीं किया गया।

पुलिस ने आरोपी कमलेश सिंह को 28 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (रापुसे) तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में निरीक्षक लखन पटेल के कुशल नेतृत्व में की गई ।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button