featuredकोरबाछत्तीसगढ़

आर्थिक चुनौतियों के बीच शिक्षा के सपनों को मिला संबल

डीएमएफटी ‘स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना’ से उच्च शिक्षा की राह हुई आसान


कोरबा 31 अगस्त 2026/ शिक्षा वह शक्ति है, जो किसी विद्यार्थी के वर्तमान को संवारकर उसके भविष्य को नई दिशा देती है। हर प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपने सपनों को पूरा करने की क्षमता रखता है, लेकिन कई बार सीमित आर्थिक संसाधन उसकी राह को चुनौतीपूर्ण बना देते हैं। ऐसे समय में सरकार की संवेदनशील पहल और समय पर मिला सहयोग विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीद बनता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए मिलने वाला यह सहयोग उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने के साथ उन्हें अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी सोच और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार शिक्षा को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने और प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी सोच के अनुरूप आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है, ताकि उनकी प्रतिभा को उचित अवसर मिल सके और वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
इसी दिशा में कोरबा जिले में खनन प्रभावित क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए सहयोग प्रदान करने की अभिनव पहल की गई है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफटी) कोरबा कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में ‘स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना’ तैयार की गई है। योजना के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी क्रम में आज कलेक्टर श्री दुदावत ने योजना के तहत कोरबा जिले के दो विद्यार्थियों को 53,500-53,500 रूपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इनमें ग्राम नरईबोध निवासी विनय कुमार राठौर एवं ग्राम डगनियाखार निवासी सुश्री दिव्या शामिल हैं। उच्च शिक्षा के लिए मिली इस सहायता से दोनों विद्यार्थियों के लिए आगे की पढ़ाई की राह आसान हुई है।
सहायता राशि का चेक प्राप्त करते समय दोनों विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की झलक साफ दिखाई दी। उनके लिए यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में मिला एक मजबूत संबल है। सीमित संसाधनों के बीच मिली इस सहायता ने उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने और भविष्य में बेहतर मुकाम हासिल करने के लिए नई ऊर्जा दी है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दोनों विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शिक्षा के लिए मिला यह संबल आज उनके कदमों को मजबूती दे रहा है और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त भविष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button