OTP, फर्जी लिंक, APK, QR कोड और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के बताए तरीके; ‘मैं साइबर जागरूक हूं’ सेल्फी बोर्ड बना आकर्षण का केंद्र


SP सिद्धार्थ तिवारी ने किया रक्तदान
कोरबा, 2 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत नगर निगम कोरबा के सभागृह में गुरुवार को ‘साइबर चौपाल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों सहित आमजन को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे। उनके साथ महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और आमजन मौजूद रहे।
OTP और अनजान लिंक से रहें सावधान
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए OTP फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, QR कोड, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने लोगों से OTP एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की।
जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन ने ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता बढ़ाने और मोबाइल-इंटरनेट का सुरक्षित इस्तेमाल करने पर जोर दिया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने डिजिटल सुविधाओं का उपयोग करते समय सतर्क रहने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील की।

महापौर संजू देवी राजपूत ने साइबर ठगी के बदलते तरीकों को लेकर परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। वहीं मंत्री लखन लाल देवांगन ने स्वयं साइबर जागरूक रहने के साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
मंत्री ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन ने उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। लोगों ने OTP साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और स्वयं के साथ दूसरों को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।
‘मैं साइबर जागरूक हूं’ सेल्फी बोर्ड बना आकर्षण
कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए ‘मैं साइबर जागरूक हूं’ सेल्फी बोर्ड के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया। मंत्री, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता अभियान को समर्थन दिया।
15 अगस्त से जिलेभर में चल रहा अभियान
कोरबा पुलिस द्वारा 15 अगस्त 2026 से साइबर जागृति अभियान के तहत जिले के स्कूल-कॉलेज, बाजार, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों और गणेश पंडालों सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से लोगों को साइबर ठगी से बचने और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पर साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराएं।





