भक्ति गायन के साथ जगन्नाथ पुरी के अभिनयना डांस अकादमी द्वारा श्रीकृष्ण बाल लीला प्रस्तुति एवं बाॅलीवुड गायक श्रीराम अय्यर एवं साथी मुम्बई का होगा सुगम संगीत
मध्यप्रदेश,चित्रकूट/ संस्कृति संचालनालय मध्यप्रदेश द्वारा दीनदयाल शोध संस्थान एवं जिला प्रशासन सतना के सहयोग से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट में एक बार पुन: देश के नामचीन कलाकार सुर लहरियां बिखेरेंगे। चित्रकूट के विकास को कई आयामों के साथ जोड़कर देश-दुनिया को स्वावलम्बन का संदेश देने वाले राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख के जन्मदिन शरद पूर्णिमा से प्रारम्भ होने वाले तीन दिवसीय पारम्परिक एवं समकालीन कला की सांस्कृतिक संध्या ‘‘शरदोत्सव’’ प्रत्येक वर्ष एक नई छाप छोड़ रहा है। राष्ट्रीय स्तर के इस सांस्कृतिक आयोजन को लेकर चित्रकूट क्षेत्र के आम जनमानस को बड़े बेसब्री से इसका इंतजार रहता है।
लोक कलाकारों के संगीत पर जब पांव थिरकेंगे तब नजारा बेहद रमणीय होगा। अवसर होगा 25 अक्टूबर से 27 अक्टूबर के बीच चित्रकूट में आयोजित होने वाले बहुवर्णी कलाओं का समारोह शरदोत्सव का। भारत रत्न राष्ट्र ऋषि नानाजी देशमुख के जन्मदिन पर शरदोत्सव का रंग कुछ अलग होगा। कार्यक्रम का आयोजन दीनदयाल परिसर में प्रतिदिन शाम 7 बजे से आयोजित किया जायेगा।
शरदोत्सव के आयोजक मंडल ने जानकारी देते हुये बताया कि सांस्कृतिक संध्या शरदोत्सव का शुभारम्भ 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के दिन नानाजी के जन्मदिवस पर होगा, जिसमें खीर प्रसादी का भी वितरण किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में चित्रकूट में आई भीषण बाढ़ विभीषिका के चलते शरदोत्सव के तीन दिवसीय आयोजन को इस वर्ष टाला गया था, लेकिन नगरवासियों के साथ सम्पन्न हुई वृहद बैठक के दौरान संत समाज और नगर वासियों के आग्रह पर पूर्व की भांति शरदोत्सव का तीन दिवसीय आयोजन के लिए सर्व सहमति बनी।
कार्यक्रम एक नजर में
25 अक्टूबर को सुप्रसिद्ध भजन गायक पवन तिवारी एवं साथी, टीकमगढ़ तथा रूट्स नादात्म, भोपाल के भक्ति गायन की प्रस्तुति रहेगी।
26 अक्टूबर को अभिनयना डांस अकादमी, जगन्नाथ पुरी द्वारा श्रीकृष्ण बाल लीला एवं आशा वैष्णव एवं साथी, अहमदाबाद द्वारा भक्ति गायन का आयोजन होगा।
वहीं तीसरे दिन 27 अक्टूबर को शासकीय संगीत महाविद्यालय, मैहर द्वारा मैहर वाद्यवृंद एवं बाॅलीवुड गायक श्रीराम अय्यर एवं साथी मुम्बई का सुगम संगीत होगा।
उपरोक्त कार्यक्रम दीनदयाल परिसर में प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से आयोजित किए जाएंगे।





