डीएमएफ, सीएसआर, विधायक-सांसद निधि समेत विभिन्न मदों से स्वीकृत वर्षों पुराने कार्यों पर कार्रवाई तेज
कटघोरा। जनपद पंचायत कटघोरा में वर्षों से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर नवपदस्थ जनपद पंचायत सीईओ के के श्रीवास ने सख्त रुख अपनाया है। वित्तीय वर्ष 2021-22, 2022- 23, 2023-24 एवं 2024-25 में स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति धीमी पाए जाने पर संबंधित मामलों में वसूली की कार्रवाई शुरू की गई है।
बताया गया कि डीएमएफ, सीएसआर, विधायक निधि, सांसद निधि सहित अन्य मदों से स्वीकृत निर्माण कार्यों में कई कार्य अब तक अधूरे हैं। ऐसे मामलों में जिम्मेदारों पर कार्रवाई के लिए धारा 92 के तहत प्रकरण दर्ज कर राजस्व अधिकारियों को भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
डोंगरी समेत दर्जनों मामलों में कार्रवाई
जनपद पंचायत कटघोरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोंगरी सहित दर्जनों प्रकरणों में अधूरे अथवा अपेक्षित गति से नहीं चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर कार्रवाई की गई है। लंबे समय से लंबित कार्यों की स्थिति की समीक्षा के बाद प्रशासन ने अब केवल कागजी प्रगति के बजाय मैदानी स्तर पर काम पूरा कराने और जवाबदेही तय करने पर जोर दिया है।
CEO का स्पष्ट संदेश :काम में तेजी नहीं आई तो कार्रवाई जारी रहेगी
जनपद पंचायत कटघोरा के नवपदस्थ सीईओ के के श्रीवास ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्यों में तेजी नहीं आती है तो इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद वर्षों से लंबित निर्माण कार्यों को लेकर संबंधित पंचायतों और जिम्मेदारों में हड़कंप की स्थिति है। अब देखना होगा कि कार्रवाई के बाद अधूरे पड़े निर्माण कार्य कितनी तेजी से धरातल पर पूरे होते हैं।

