कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र की घुड़देवा खदान 3/4 में हुई डकैती और केबल चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी खदान एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, डकैती और लूट की घटनाओं में संलिप्त था।
पुलिस के अनुसार, मामले में दर्ज अपराध क्रमांक 179/2026 की जांच के दौरान धरम सिंह राजपूत की भूमिका सामने आई। प्रकरण में पुलिस पूर्व में 3 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि 7 विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जा चुका है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी धरम सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से केबल तार काटने में प्रयुक्त हथियार और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उप जेल कटघोरा भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और आरोपी से जुड़े अपराधों तथा नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

