महापौर, सभापति सहित जनप्रतिनिधियों और व्यवसायियों ने किया श्रमदान, मंदिर परिसर व तालाब की हुई व्यापक सफाई



रायगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत नगर निगम प्रशासन द्वारा आज बूढ़ी माई मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के रहवासियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए श्रमदान किया।
अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने हाथों में झाड़ू, रांपा, पंजा, तसला सहित अन्य सफाई उपकरण लेकर मंदिर परिसर, पचरी और तालाब के किनारों की व्यापक साफ-सफाई की। मंदिर से लगे पचरी तालाब के अंदर जमा विसर्जित नारियल, कलश, फूल-माला एवं अन्य पूजन सामग्री के मलबे को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। सफाई के दौरान करीब चार ट्रैक्टर-ट्रॉली मलबा निकाला गया।
स्वच्छता केवल अभियान नहीं, सामूहिक जिम्मेदारी : महापौर
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि बूढ़ी माई मंदिर शहर की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा ही संकल्प अभियान के माध्यम से निगम के साथ जनप्रतिनिधि और नागरिक लगातार श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि मंदिर परिसर और तालाब में पूजन सामग्री एवं अन्य कचरा न डालें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।
आस्था के साथ स्वच्छता भी हमारी प्राथमिकता : सभापति
सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि आस्था के प्रमुख स्थलों को स्वच्छ और सुंदर रखना हम सभी का दायित्व है। मंदिर परिसर और तालाब की आज की सफाई से न केवल आसपास का वातावरण स्वच्छ हुआ है, बल्कि श्रद्धालुओं को भी स्वच्छ वातावरण मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता अभियान में सहभागिता के साथ आगे भी मंदिर परिसर और तालाब को स्वच्छ रखने का संकल्प लें।
अभियान में एमआईसी सदस्य पंकज कंकरवाल, अशोक यादव,पूनम सोलंकी, मुक्तिनाथ ‘बबुआ’ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे। इस दौरान निगम प्रशासन द्वारा लोगों एवं मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर और तालाब को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।

