जांजगीर – चांपा, 2 अक्टूबर 26। गांधी जयंती 02 अक्टूबर के शुष्क दिवस पर अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अकलतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर के अंदर चार लोहे के दरवाजों के पीछे बने कमरे से 334 नग शराब, कुल 104 लीटर, बरामद की है। जब्त शराब की कीमत ₹56,560 बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में शुष्क दिवस के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 13 निवासी प्रकाश भारद्वाज (42) अपने घर में शराब छिपाकर रखे हुए है और किराना दुकान की आड़ में उसकी बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान चार लोहे के दरवाजों के पीछे बने कमरे से विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 180 एमएल देशी प्लेन यूनिक ब्रांड 235 नग, देशी प्लेन सुपर-36 ब्रांड 46 नग, गोवा स्पेशल व्हिस्की 206 नग, रॉयल चैलेंज व्हिस्की 31 नग तथा सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर 16 नग जब्त की।
पुलिस ने शराब के साथ ₹28,615 बिक्री रकम और करीब ₹10 हजार कीमत का वोल्टास कंपनी का फ्रिज भी जब्त किया। पुलिस के मुताबिक कुल जब्ती की कीमत ₹95,175 है।
मामले में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 593/26 के तहत धारा 34(2), 59(क), 39(ग) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी प्रकाश भारद्वाज को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेण्डन यार्क के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू सहित पुलिस टीम द्वारा की गई।
शुष्क दिवस पर पुलिस की सख्ती
पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने कहा है कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अवैध शराब की बिक्री एवं संग्रहण की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

