कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में दिए निर्देश
योजनाओं के क्रियान्वयन में अद्यतन प्रगति लाने पर बल

जगदलपुर, 13 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर आकाश छिकारा ने कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में बाढ़ आपदा से हुए नुकसान और आरबीसी 6-4 के तहत राहत प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फसल क्षति से जुड़े प्रकरणों को 30 दिन की निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में निराकृत किया जाए। उन्होंने कहा कि पटवारियों की रिपोर्ट का परीक्षण करने सहित एसडीएम और तहसीलदार स्वयं बाढ़ प्रभावित गांवों में जाकर स्थिति का सत्यापन करें, ताकि प्रभावितों को समय पर उचित मुआवजा प्रदान किया जा सके। कलेक्टर ने बाढ़ एवं अतिवृष्टि से शासकीय परिसम्पतियों यथा स्कूल, आंगनबाड़ी भवन, स्वास्थ्य केंद्र भवन सहित कार्यालय भवन के अलावा सड़क एवं पुल-पुलिया क्षति का भी सर्वे कर मरम्मत हेतु प्रस्ताव जल्द तैयार कर राज्य शासन को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने आगामी 23 अक्टूबर को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित बस्तर प्रवास की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक तैयारी एवं व्यवस्था को समयपूर्व सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने तैयारियों की नियमित माॅनिटरिंग के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी योजना के अन्तर्गत डबरी, तालाब निर्माण इत्यादि रोजगार मूलक कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित कर अधिक से अधिक रोजगार सृजन किए जाने कहा। इस दिशा में प्रत्येक ग्राम पंचायतों में चार से पांच रोजगार मूलक कार्य नियमित रूप से चलाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी के साथ संचालित कर अद्यतन प्रगति लाने कहा। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अद्यतन प्रगति लाने पर जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना,अपर कलेक्टर द्वय सीपी बघेल व दिलेराज डाहिरे, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी प्रत्यक्ष तौर पर मौजूद रहे, जबकि जिले के सभी तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।





