गंगा नगर बाजार के पास 7-8 बदमाशों ने बाइक सवारों को घेरकर की थी बेरहमी से मारपीट, चाकू दिखाकर लूटे थे मोबाइल और रुपये
दो गिरफ्तार, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी
कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में राहगीरों को रोककर मारपीट करने और चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गंगा नगर बाजार के पास हुई डकैती की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन और नकदी सहित लगभग 21 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे की है। प्रार्थी अपने साथियों सुरेंद्रपाल कंवर, ज्योतिश कुमार, उमेश कंवर, प्रमोद कंवर और अजय सिंह के साथ ग्राम खोडरी से लौट रहा था। इसी दौरान गंगा नगर बाजार के पास 7 से 8 अज्ञात बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। इसके बाद आरोपियों ने हाथ-मुक्कों, बेल्ट और डंडों से सभी के साथ जमकर मारपीट की। बदमाशों ने चाकू दिखाकर जान से मारने का भय पैदा किया और मोबाइल फोन व नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
वारदात के दौरान आरोपियों ने प्रार्थी का विवो Y31, ज्योतिश कुमार का ओप्पो A5, पर्स में रखे 500 रुपये तथा सुरेंद्रपाल कंवर का विवो Y18 मोबाइल लूट लिया। मारपीट में प्रार्थी और उसके साथियों को चोटें भी आईं।
मामले की शिकायत पर थाना कुसमुंडा में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत धारा 331(4), 305 एवं 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विशेष टीम गठित कर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए कुसमुंडा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र और तकनीकी एवं अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए तीनों मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी
1. निशांत प्रसाद केंवट (20 वर्ष), पिता लक्ष्मी प्रसाद केंवट, निवासी कुदरीपार, शिव मंदिर के पास, थाना बांकीमोंगरा।
2. शिवा बिंझवार (20 वर्ष), पिता रामसिंह बिंझवार, निवासी मोंगरा बस्ती, थाना बांकीमोंगरा।
तीन मोबाइल और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विवो Y31, ओप्पो A5 और विवो Y18 मोबाइल फोन सहित लूटी गई नकदी बरामद की है। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 21 हजार रुपये बताया गया है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।





