त्योहारी भीड़ और सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए प्रशासन का बड़ा फैसला, नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन पर लगाई रोक

कोरबा कटघोरा। दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कटघोरा प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कटघोरा नगर क्षेत्र में 2 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक भारी वाहनों के प्रवेश एवं आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी कटघोरा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, थाना प्रभारी कटघोरा के प्रतिवेदन में बताया गया था कि दीपावली के अवसर पर नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भारी वाहनों के लगातार आवागमन से बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति निर्मित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि दीपावली के दौरान आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करना आवश्यक है।
इसी आधार पर प्रशासन ने 2 नवंबर 2026 से 9 नवंबर 2026 तक कटघोरा नगर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
प्रशासन ने संबंधित पुलिस अधिकारियों, जिला परिवहन अधिकारी, तहसीलदार एवं नगर पालिका अधिकारियों को आदेश की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
दीपावली के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन का यह कदम यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





