सदर बाजार, गोल बाजार, शनिचरी बाजार और तेलीपारा रोड पर रहेगी विशेष निगरानी, नो पार्किंग और नो एंट्री के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर रहेगी नजर

बिलासपुर। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए व्यापक तैयारी की है। प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। जरूरत के मुताबिक कई मार्गों पर डायवर्जन, एकांगी मार्ग, नो एंट्री और नो पार्किंग व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया है। यातायात पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान आम नागरिकों को जाम और अव्यवस्था से बचाते हुए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।

सदर बाजार से गोल बाजार तक विशेष निगरानी
दीपावली के दौरान सबसे अधिक भीड़ वाले सदर बाजार, गोल बाजार, हटरी चौक, शनिचरी बाजार और तेलीपारा रोड पर यातायात पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इन क्षेत्रों में भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए तत्काल डायवर्जन लागू किया जा सकता है। इसके लिए गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, वाल्मीकि चौक, सिम्स तिराहा, रामसेतु चौक और हैप्पी स्ट्रीट मार्ग सहित अन्य स्थानों को संभावित डायवर्जन पॉइंट के रूप में चिन्हित किया गया है।

इन स्थानों पर कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग
यातायात पुलिस ने बाजार आने वाले ग्राहकों की सुविधा के लिए कई पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं। इनमें मल्टीलेवल पार्किंग कोतवाली चौक, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान, हैप्पी स्ट्रीट, नई रिवर व्यू, बाजपेई मैदान, लखीराम ऑडिटोरियम बेसमेंट पार्किंग तथा अन्य खुले पार्किंग स्थल शामिल हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बाजार में खरीदारी के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। अनावश्यक रूप से दुकानों के सामने या सड़क किनारे वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
दुकानदारों और फुटकर व्यापारियों को सख्त हिदायत
त्योहारी सीजन में सड़क पर दुकानें फैलाने, ठेला-गुमटी लगाने और ग्राहकों के वाहनों के कारण यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए दुकानदारों, फुटकर व्यापारियों, फेरीवालों और ठेला संचालकों को मुख्य मार्ग पर सामान नहीं फैलाने की हिदायत दी गई है। दुकानदारों से ग्राहकों के खड़े होने के लिए पर्याप्त जगह रखने और सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई है।
व्यावसायिक संगठनों से भी अपने प्रतिष्ठानों के आसपास निर्धारित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने और ग्राहकों को उसका उपयोग करने के लिए प्रेरित करने कहा गया है।
शराब पीकर वाहन चलाया तो होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, तेज रफ्तार से बचने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा रांग साइड वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी है। दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाने और मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाने से भी बचने की अपील की गई है।
इसके अलावा मुख्य मार्गों और सार्वजनिक सड़कों पर आवागमन के दौरान पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की गई है। पटाखा दुकानदारों को नगर प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए दुकान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईवे से लेकर शहर के चौक-चौराहों तक मुस्तैद रहेगा अमला
यातायात पुलिस के अनुसार बीट ड्यूटी, यातायात पॉइंट, हाईवे पेट्रोलिंग, क्रेन पेट्रोलिंग और आपातकालीन ड्यूटी के माध्यम से पुलिसकर्मी शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात रहेंगे। आवश्यक सेवाओं और आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली की खरीदारी और भ्रमण के दौरान पुलिस द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें। यदि भीड़ के कारण किसी मार्ग पर डायवर्जन लागू किया जाता है तो निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
यातायात पुलिस का संदेश साफ है—त्योहार की खुशियों के बीच सड़क पर लापरवाही और अव्यवस्था की कोई जगह नहीं। नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करें और सुरक्षित दीपावली मनाएं।





