छठ पूजा के पावन पर्व पर छोटे दुकानदारों को हटाने और परेशान करने पर भड़कीं महापौर संजूदेवी राजपूत; निगम कर्मचारियों की कार्रवाई के खिलाफ सड़क पर दिया धरना, हस्तक्षेप के बाद हटाए गए निगम के वाहन

कोरबा। बुधवारी बाजार में छठ पूजा के दौरान छोटे व्यापारियों को परेशान किए जाने को लेकर नगर निगम प्रशासन और महापौर के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई। निगम कर्मचारियों की कार्रवाई से नाराज महापौर ने ऐसा कड़ा रुख अपनाया कि वे खुद सड़क पर बैठ गईं और छोटे दुकानदारों के समर्थन में धरने पर उतर आईं।

मामला उस समय गरमा गया, जब छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान रोजी-रोटी के लिए दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों को निगम की कार्रवाई का सामना करना पड़ा। दुकानदारों की परेशानी देखकर महापौर ने निगम कर्मचारियों के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर ही विरोध दर्ज कराया।
महापौर का सड़क पर बैठकर धरना देना निगम प्रशासन के लिए असहज स्थिति बन गया। उन्होंने छोटे व्यापारियों के हितों का मुद्दा उठाते हुए कार्रवाई के तरीके पर सवाल खड़े किए। महापौर के हस्तक्षेप के बाद निगम के वाहन मौके से हटाए गए।
इस घटनाक्रम ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि त्योहारों के दौरान गरीब और छोटे व्यापारियों के साथ कार्रवाई करते समय क्या मानवीय संवेदनशीलता का ध्यान नहीं रखा जाना चाहिए? आखिर जिन छोटे दुकानदारों की आजीविका रोज की कमाई पर निर्भर है, उन्हें पर्व के मौके पर राहत देने के बजाय परेशानी में क्यों डाला गया?
बुधवारी बाजार का यह घटनाक्रम साफ संकेत देता है कि छोटे व्यापारियों के हितों को लेकर महापौर और निगम अमले के बीच टकराव की स्थिति बन सकती है। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन भविष्य में ऐसी कार्रवाई करते समय गरीब दुकानदारों की आजीविका और त्योहारों की संवेदनशीलता का कितना ध्यान रखता है।







