मुकुंद टॉकीज के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास लहरा रहे थे चाकू, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा में धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले कोरबा जिले के दो युवकों को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मुकुंद टॉकीज के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास बड़े नुकीले चाकू लेकर खड़े थे और आने-जाने वाले लोगों को चाकू दिखाकर भयभीत कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चाकू जब्त कर उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को मुकुंद टॉकीज चांपा के मालिक ने फोन के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि दो व्यक्ति धारदार चाकू लेकर मोटरसाइकिल स्टैंड के पास खड़े हैं और राहगीरों को चाकू दिखाकर डरा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे ने तत्काल पेट्रोलिंग टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। उनकी पहचान उमेश यादव (25 वर्ष), निवासी खरहरकुड़ा, थाना उरगा, जिला कोरबा तथा करन गोस्वामी (24 वर्ष), निवासी नवलपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर दोनों के शर्ट के अंदर छिपाकर रखे गए बड़े धारदार चाकू बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना चांपा में अपराध क्रमांक 621/26 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया। दोनों को 14 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा 15 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे, उप निरीक्षक भवानी सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, गणेश कौशिक, आरक्षक गौरीशंकर राय, सुमंत कंवर एवं थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।







