featuredखेलछत्तीसगढ़

राष्ट्रीय खेल दिवस पर बस्तर में हॉकी सद्भावना मैच का भव्य आयोजन

   पंडरीपानी ने पोटानार को दी मात

राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता भी हुए सम्मानित

जगदलपुर, 29 अगस्त 2026/ राष्ट्रीय खेल दिवस के गरिमामयी अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन बस्तर के संयुक्त तत्वावधान में आज ‘खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी’ में एक दिवसीय हॉकी सद्भावना मैच का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्रीमती पार्वती कश्यप उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में पंडरीपानी के सरपंच श्री हेमंत पोयाम, माता रुक्मणी कन्या आश्रम के प्राचार्य विनोद जोशी तथा जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष शशांक शेन्डे ने शिरकत की।
मैदान पर पंडरीपानी और पोटानार की टीमों के बीच बेहद रोमांचक और कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। अंततः पंडरीपानी की टीम ने अपने शानदार तालमेल की बदौलत पोटानार को 1-0 से पराजित कर मुकाबले में जीत हासिल की। मैच समाप्ति के पश्चात उपस्थित अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया, साथ ही खेल विभाग की ओर से दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए टी-शर्ट का वितरण किया गया।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर का परचम लहराने वाली युवा खेल प्रतिभाओं का सम्मान समारोह रहा। हाल ही में छत्तीसगढ़ में आयोजित ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2025-26’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्थानीय खिलाड़ियों को मंच से सम्मानित किया गया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की राज्य फुटबॉल टीम में शामिल माता रुक्मणी कन्या आश्रम की 10 बालिका खिलाड़ियों तथा एथलेटिक्स की रिले रेस स्पर्धा में रजत पदक हासिल करने वाले बस्तर के दो बालक धावकों को अतिथियों द्वारा विशेष रूप से ट्रैकसूट भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और स्थानीय युवाओं को खेलों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button