featuredछत्तीसगढ़

अकलतरा में आधी रात भीषण आग, पुलिस ने 14 लोगों की बचाई जान

जांजगीर- चांपा।अकलतरा के अम्बेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे कपड़ा दुकान नीरज कलेक्शंस में अचानक आग लग गई। दुकान से उठती आग की लपटों और धुएं को रात्रि गश्त पर निकली अकलतरा पुलिस ने समय रहते देख लिया। दुकान के प्रथम तल पर पांच परिवारों के 14 लोग फंसे होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।

सीढ़ियों पर आग की लपटें, फिर भी पुलिस ने नहीं मानी हार

आग इतनी तेज थी कि प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियां भी आग की चपेट में आ गई थीं। ऐसे में अंदर फंसे लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया था। पुलिस टीम ने तत्काल विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी मंगवाई और उसके माध्यम से प्रथम तल पर फंसे 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू किए गए लोगों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 2 पुरुष सहित कुल 14 लोग शामिल थे। इनमें दो बालिकाएं और दो बालक भी थे। पुलिस की तत्परता से सभी को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया।

ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

आग पर काबू पाने के लिए पुलिस ने तत्काल होमगार्ड जांजगीर और जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट की फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से भी रोक लिया गया। इससे बड़ी जनहानि और व्यापक संपत्ति नुकसान की आशंका टल गई।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

पुलिस के अनुसार आग लगने का प्रारंभिक कारण संभावित शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आगजनी की घटना नीरज कलेक्शन क्लॉथ शॉप, सिसोदिया कॉम्प्लेक्स, अम्बेडकर चौक के पास हुई। दुकान संचालक परितोष चक्रधारी, पिता राज नारायण चक्रधारी, निवासी अंधियारी पाठ, अकलतरा हैं।

पुलिस और दमकल टीम की सराहनीय भूमिका

पूरे रेस्क्यू अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर और थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही होमगार्ड जांजगीर एवं जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अकलतरा पुलिस की सजगता, त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता के चलते आधी रात हुई इस आगजनी की घटना में 14 लोगों की जान बचाई जा सकी और एक बड़ी जनहानि टल गई। रेस्क्यू किए गए परिवारों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता के लिए आभार जताया।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button