जूटमिल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीसरा आरोपी धन्नू निषाद फरार; पुलिस कर रही तलाश
रायगढ़, 13 सितंबर 2026। ट्रांसपोर्ट नगर में युवक के साथ मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 08 सितंबर की दरम्यानी रात सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी (35 वर्ष) ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले के राजू महंत उर्फ संजय महंत, कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना करते हुए विवाद किया। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर शिवा के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की और जमीन पर पटक-पटककर पीटा।
मारपीट में शिवा को गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद वह किसी तरह अपने दोस्त के पास पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार के बाद वह घर चला गया, लेकिन घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मर्ग जांच में सामने आई मारपीट, हत्या का अपराध दर्ज
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र का पाए जाने पर मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। जूटमिल पुलिस ने जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों और बीच-बचाव करने वाले गवाहों के बयान लिए, जिसमें तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई।
पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु का कारण हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक बताया। मर्ग जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण मौत होना पाए जाने पर 12 सितंबर 2026 को थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 540/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जेल से रिहा होते ही पुलिस ने दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम सक्रिय की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी राजू महंत और कृष्णा साव पूर्व कार्रवाई के तहत जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध थे और जल्द रिहा होने वाले हैं।
पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों आरोपियों को उनके परिजनों के साथ तलब कर थाना लाया और पूछताछ की। पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन में दोनों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा सेठ्ठी से मारपीट करना स्वीकार किया।
विवेचना में गिरफ्तारी योग्य पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 12 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं फरार आरोपी धन्नू निषाद की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. राजू महंत उर्फ संजय महंत (35 वर्ष), पिता लोकेश्वर दास महंत, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।
2. कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव (35 वर्ष), पिता सीयाराम साव, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी और वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत सहित हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





