Uncategorized

घर में घुसकर तलवार और डंडों से हमला करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

बिलासपुर सरकंडा पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट करने और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार तलवार भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे अपोलो चौक लिंगियाडीह के पास निखिल ध्रुव अपने साथियों आदित्य दास महंत और रवि गंधर्व के साथ खड़ा था। इसी दौरान आरोपियों ने वाहन से टक्कर मारने के बाद गाली-गलौच शुरू कर दी और लाठी-डंडों तथा तलवार से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए घायल पास के एक मकान में घुस गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और घर के अंदर घुसकर मारपीट की। हमले में पीड़ितों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

पीड़ित की शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 969/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी अहिरवार उर्फ बउवा (20), संजय विश्वकर्मा उर्फ संजू (20), मुकेश यादव उर्फ मुक्की (25) और राहुल यादव उर्फ छोटू (26) शामिल हैं। आरोपी सन्नी अहिरवार के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार बरामद होने पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 सहित अन्य धाराएं जोड़ी गईं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.
Back to top button