
रायगढ़ 28 अप्रैल 2026। जिले में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैच के दौरान सट्टा संचालित कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।
आईपीएल मैच के दौरान सट्टा संचालन
पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली और बेंगलुरु के बीच चल रहे आईपीएल मैच के दौरान एक युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कैदीमुड़ा ओवरब्रिज के पास दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी के पास से मोबाइल, सट्टा पट्टी और नगदी बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुराग यादव (26), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर जूटमिल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से: सट्टा पट्टी,मोबाइल फोन,900 रुपये नगद,डॉट पेन बरामद किए गए।
मोबाइल ऐप से सट्टेबाजी के सबूत
पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल में एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा संचालित करने के साक्ष्य मिले। इसके आधार पर पुलिस ने जब्ती पंचनामा तैयार कर सामग्री कब्जे में ली।
केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
आरोपी के खिलाफ थाना जूटमिल में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस ने साफ किया है कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन जुए-सट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “आईपीएल की आड़ में सट्टेबाजी करने वालों पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। अवैध जुए के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।



