featuredछत्तीसगढ़

38 साल की अनुकरणीय सेवा के बाद नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल को भावभीनी विदाई

आईजी राम गोपाल गर्ग ने शॉल, श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित, सुसज्जित वाहन से ससम्मान घर के लिए किया रवाना

बिलासपुर,01 सितंबर 2026। पुलिस विभाग में करीब 38 वर्षों तक निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले नगर सैनिक क्रमांक 245 व्यासनारायण जायसवाल आज सेवानिवृत्त हो गए। उनकी दीर्घकालिक एवं अनुकरणीय सेवाओं के सम्मान में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर रेंज में गरिमामय एवं आत्मीय विदाई समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आईजी राम गोपाल गर्ग सहित कार्यालय के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे। आईजी श्री गर्ग ने श्री जायसवाल के सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सेवानिवृत्त नगर सैनिक के सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

1987-88 में शुरू हुआ सेवा सफर

श्री व्यासनारायण जायसवाल ने वर्ष 1987-88 में पुलिस विभाग/नगर सेना में अपनी सेवा शुरू की थी। सेवाकाल के दौरान उन्होंने होमगार्ड लाइन के साथ थाना तोरवा, बांगो, पामगढ़, उरगा, पाली सहित विभिन्न स्थानों पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

वर्ष 2002 से वे लगातार पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर रेंज में पदस्थ रहे। लगभग 24 वर्षों तक एक ही कार्यालय में रहते हुए उन्होंने अपने पदीय दायित्वों को पूरी ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ निभाया।

आपदा और चुनावी ड्यूटी में भी निभाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

श्री जायसवाल के सेवाकाल में कई चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां भी शामिल रहीं। ओडिशा के भुवनेश्वर में आए विनाशकारी चक्रवात और भीषण बाढ़ के दौरान वे बचाव दल के सदस्य के रूप में शामिल रहे और राहत एवं बचाव कार्य में साहसिक भूमिका निभाई।

इसके अलावा मध्यप्रदेश के गुना जिले में चुनावी व्यवस्था एवं सुरक्षा ड्यूटी के दौरान भी उन्होंने जिम्मेदारीपूर्वक सेवाएं दीं। लंबे सेवाकाल में उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सहकर्मियों ने भी सराहना की।

आईजी ने कहा- ईमानदारी और निष्ठा से निभाया दायित्व

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि श्री जायसवाल ने वर्ष 2002 से लगातार बिलासपुर रेंज कार्यालय में पदस्थ रहकर अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन किया। उनका सेवाकाल अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का उदाहरण रहा है।

विदाई के दौरान श्री जायसवाल भावुक नजर आए। उन्होंने इस आत्मीय एवं गरिमामय आयोजन के लिए आईजी श्री गर्ग और अपने सभी सहकर्मियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

समारोह के अंत में आईजी श्री गर्ग ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सेवानिवृत्त नगर सैनिक को विशेष रूप से सुसज्जित वाहन से ससम्मान उनके गृह निवास के लिए रवाना किया गया।

कार्यक्रम का संचालन शंकर कश्यप ने किया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने साथी नगर सैनिक को भावभीनी विदाई दी।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button