featuredछत्तीसगढ़

रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: देह व्यापार के दो अड्डों पर एक साथ छापा, 4 गिरफ्तार, 2 नाबालिग बालिकाएं मुक्त

रायगढ़, 31 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने शहर में संचालित अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में थाना साइबर, कोतवाली और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

लालटंकी में देह व्यापार का भंडाफोड़

पुलिस को सूचना मिली थी कि लालटंकी दानीपारा स्थित एक मकान में देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने पाइंटर ग्राहक भेजा। तय संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने छापा मारा। मौके से संचालिका लक्ष्मी शर्मा और ग्राहक ऋषभ शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने नकदी, मोबाइल और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। मकान से दो नाबालिग बालिकाओं को भी मुक्त कराया गया। पूछताछ में संचालिका ने लंबे समय से देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की।

मिट्ठूमुड़ा में दूसरी कार्रवाई

इसी दौरान थाना साइबर और जूटमिल पुलिस ने मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक स्थित एक अन्य मकान पर छापा मारकर संचालिका सुनीता मेहर और ग्राहक अभय सिंह को गिरफ्तार किया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। वहां मौजूद अन्य महिलाओं ने भी पुलिस को बताया कि उन्हें देह व्यापार के लिए बुलाया गया था।

पॉक्सो सहित कई धाराओं में कार्रवाई

लालटंकी मामले में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 और 5 के साथ पॉक्सो अधिनियम की धारा 14 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं मिट्ठूमुड़ा मामले में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मुक्त कराई गई नाबालिग बालिकाओं की काउंसलिंग कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के शोषण से जुड़े अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। अनैतिक देह व्यापार में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button