
नया बस स्टैंड के पास पुलिस की रेड, मोबाइल और सट्टा पर्ची बरामद, दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
बिलासपुर,23 अप्रैल 2026। जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सट्टा खिलाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों के पास से 1 लाख 85 हजार रुपए नगद, एक मोबाइल फोन और सट्टा पर्चियां जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में तखतपुर पुलिस ने कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर रेड
22 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तखतपुर के नया बस स्टैंड वेलकम गेट के पास कुछ लोग सट्टा खेला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां अभिषेक सिंह ठाकुर को सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
नगदी और मोबाइल बरामद
आरोपी के पास से 1.85 लाख रुपए नगद, एक मोबाइल फोन और सट्टा नंबर लिखी पर्चियां बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अस्मित गुप्ता के साथ मिलकर सट्टा संचालन करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में लिया।
संगठित अपराध के तहत कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



