
उत्तराखंड।प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित भू-वैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट आज गुरुवार सुबह 6:15 बजे सर्वार्थ सिद्धि योग और पुनर्वसु नक्षत्र के शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरी बदरीपुरी ‘जय बदरीविशाल’ के जयकारों और सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों से गूंज उठी। भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए तड़के से ही हजारों श्रद्धालु कड़ाके की ठंड के बावजूद लंबी कतारों में डटे रहे।
सीएम धामी ने की पहली पूजा, चारधाम यात्रा हुई पूर्ण
कपाट खुलने के ऐतिहासिक पल के साक्षी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बने। उन्होंने अखंड ज्योति के दर्शन कर भगवान बदरीविशाल की पहली पूजा की और राज्य की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। सीएम धामी ने इस मौके पर सभी तीर्थयात्रियों का स्वागत किया और सुगम व सुरक्षित यात्रा का आश्वासन दिया।
बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा ने पूर्णता प्राप्त कर ली है। इससे पहले गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट पहले ही खुल चुके थे। अब देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर सकेंगे। प्रशासन ने इस बार यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं, जिनमें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और टोकन सिस्टम शामिल हैं।



