
दो नाबालिग भी पकड़े गए, चोरी का सामान बरामद
कोरबा, 22 अप्रैल 2026। कोरबा जिले में “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रात्रि में घरों में घुसकर चोरी करने वाले एक आरोपी एवं दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।
प्रार्थी रामकुमार साहू ने 19 अप्रैल 2026 को थाना बालको नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19-20 अप्रैल की रात 11 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने परसाभाठा स्थित उनके घर में घुसकर किचन में रखा इंडियन गैस सिलेंडर और बच्चों की साइकिल चोरी कर ली।
इसके अलावा आरोपियों ने पड़ोसी तुष्यंत कुमार साहू के घर के आंगन का दरवाजा खोलकर वहां से किर्लोस्कर कंपनी का सबमर्सिबल (टुल्लू) पंप, गैस सिलेंडर और सिल्वर की सीढ़ी भी चोरी कर ली।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर टीम गठित कर जांच तेज की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में तीन संदिग्ध युवक चोरी करते दिखाई दिए।
पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी और बरामदगी
मुख्य आरोपी की पहचान मनोज यादव उर्फ मोनू यादव (20 वर्ष), निवासी परसाभाठा, बालको नगर के रूप में हुई है। उसके साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल थे।
आरोपी के घर से चोरी गया सामान बरामद किया गया, जिसमें :गैस सिलेंडर, साइकिल,सबमर्सिबल पंप,सिल्वर की सीढ़ी शामिल हैं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं दोनों विधि से संघर्ष बालकों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
पुलिस की सख्ती जारी
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी और अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



