इंस्पायर अवार्ड में चयन पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने किया सम्मानित
जगदलपुर, 11 अक्टूबर 2026/ बस्तर की होनहार छात्रा एलिसीबा ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार के दम पर राष्ट्रीय पटल पर जिले और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठित इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने पर शनिवार को छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया।
शिक्षा मंत्री श्री यादव ने एलिसीबा को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे अंचल से निकलकर किसी छात्रा का राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह सफलता दर्शाती है कि प्रतिभा किसी क्षेत्र विशेष की मोहताज नहीं होतीय सही मार्गदर्शन और लगन से सुदूर वनांचल के बच्चे भी बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने छात्रा के शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की और कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग देने हेतु प्रतिबद्ध है। एलिसीबा की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से न केवल बस्तर जिले में, बल्कि पूरे प्रदेश के शैक्षणिक जगत में हर्ष का माहौल है।





