featuredछत्तीसगढ़

शिक्षा के क्षेत्र में बस्तर की ऐतिहासिक उड़ान

ज्ञानगुड़ी के 47 बच्चों ने नीट परीक्षा पास कर रचा इतिहास

जगदलपुर, 17 जुलाई 2026/ बस्तर के वनांचल और कभी नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों के ग्रामीण परिवेश से आने वाले होनहार बच्चों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं में भी शीर्ष स्थान हासिल कर सकते हैं। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के कुशल मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के अधीन संचालित निःशुल्क कोचिंग संस्थान ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में अभूतपूर्व सफलता हासिल करते हुए पूरे अंचल को गौरवान्वित किया है। इस वर्ष कुल 90 बच्चों ने संस्थान में नियमित रहकर कोचिंग ली थी, जिनमें से बेहतरीन सफलता दर दर्ज करते हुए 47 बच्चों ने एक साथ नीट परीक्षा क्वालीफाई कर शिक्षा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

नर्सिंग और अग्निवीर परीक्षा में भी बस्तर का दबदबा

नीट परीक्षा में ऐतिहासिक सफलता दर्ज करने के साथ-साथ ज्ञानगुड़ी के बच्चों ने अन्य व्यावसायिक व रक्षा सेवाओं की परीक्षाओं में भी सफलता हासिल किया है। राज्य स्तरीय नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में यहाँ की प्रतिभावान छात्रा प्रेरणा ने पूरे छत्तीसगढ़ में 60वां रैंक हासिल कर अपनी मेधा का परिचय दिया है। इसके साथ ही देश सेवा का जज्बा रखने वाले ज्ञानगुड़ी के 22 जांबाज युवाओं ने देश की प्रतिष्ठित अग्निवीर परीक्षा को भी सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया है, जो इस संस्थान की बहुमुखी शिक्षण गुणवत्ता को दर्शाता है।

यह कोई पहला अवसर नहीं है जब ज्ञानगुड़ी ने बस्तर का मान बढ़ाया हो। इससे पूर्व भी इस अनूठी पहल के माध्यम से सैकड़ों ग्रामीण और संवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पित शिक्षकों के अटूट प्रयासों से अपना भाग्य बदला है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बीच रहने वाले इन आदिवासी अंचल के बच्चों की यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणा बन गई है।

जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने दी बधाई

बस्तर के बच्चों की इस अद्भुत और गौरवशाली सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, विनायक श्री गोयल और महापौर संजय पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना समेत शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक एचआर सोम तथा जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल सहित सभी अधिकारियों ने सफल छात्र-छात्राओं और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों की दिन-रात की कड़ी मेहनत को सराहा है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। ज्ञानगुड़ी का यह शानदार परिणाम आज पूरे देश के सामने बस्तर की बदलती और संवरती तस्वीर को पेश कर रहा है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button